उधमपुर। शहर के आंबेडकर चौक इलाके में रेलवे रोड की तरफ जाने वाले मार्ग की खराब हालत के कारण लोगों को बहुत ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हर रोज दो पहिया वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। लोगों का रेलवे स्टेशन तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
रेलवे स्टेशन के लिए ज्यादातर बड़े वाहन आंबेडकर चौक से होकर चलते हैं। मौजूदा समय में मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन पर अब छोटे वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है। आए दिन दोपहिया वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय निवासी अमित व अन्य लोगों ने बताया कि रेलवे स्टेशन की तरफ जाने ट्रक इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। इस कारण मार्ग की हालत खराब हो चुकी है। मार्ग की हालत सुधारने की मांग को कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों के सामने रखा है, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया है। मार्ग की हालत खराब होने के कारण स्थानीय निवासियों को भी अपने वाहन चलाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए सबकी जिला प्रशासन से अपील है कि इसकी हालत को जल्द सुधार कर राहत प्रदान की जाए।