चिनैनी। सड़क निर्माण के चलते क्षेत्र में पानी की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए पाइप की मरम्मत करवा कर जल्द राहत दिलाई जाए। यह मांग जनप्रतिनिधियों ने उठाई है। इस दौरान अन्य समस्याएं भी उजागर की गईं।
बुधवार को कस्बे के सामुदायिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) में साप्ताहिक ब्लॉक दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बीडीसी चेयरमैन प्रकाश चंद मुख्य और एसडीएम अब्दुल सत्तार विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं उजागर कर उनके समाधान की अपील की।
इस मौके पर पानी, बिजली, कूहल की समस्या उजागर की गईं। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि सड़क निमार्ण कार्य के चलते पानी की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगुलता रजार, मरोठी गांच्छड़, कोटाधार, लोअर मादा में पानी की किल्लत है, जिस कारण लोग आज भी मीलों पैदल सफर कर पानी ढोने को मजबूर हैं। बप्प व बांई में कूहल टूटने से किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। लो वोल्टेज का मुद्दा उठाते हुए पंचायत जनप्रतिनिधियों ने बंजा सलाथ, खरूबा और पचौत में उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है, ताकि लोगों की समस्या दूर हो सके। कार्यक्रम में तहसीलदार वेद प्रकाश और बीडीओ ओम प्रकाश सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।