उधमपुर/रामनगर। ठंडा पानी-पिंगला माता रोड खस्ताहाल होने पर ग्रामीणों ने शुक्रवार को पीएमजीएसवाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जल्द इस रोड को पक्का बनाए जाए, अन्यथा उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि इस रोड पर करीब आठ साल पहले तारकोल बिछाने का काम शुरू किया गया था, लेकिन संबंधित विभाग इस रोड पर कहीं 200 मीटर तो कहीं 100 मीटर तारकोल डालकर काम बंद कर देता है। इसके बाद फिर से कुछ महीनों के बाद दोबारा से काम को शुरू कर दिया जाता है।
आठ साल का समय गुजरने के बाद भी करीब आठ किलोमीटर लंबी रोड पर पूरी तरह से तारकोल बिछाने का काम पूरा नहीं किया जा सका है। पूरी सड़क पर गड्ढे हैं। इसका कारण यह है कि जब तक विभाग आगे का काम शुरू करता है, तब तक पहले डाली गई तारकोल उखड़ चुकी होती है।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर इलाके के दौरे पर आईं जिला विकास आयुक्त इंदू कंवल ने भी उन्हें आश्वस्त किया था, लेकिन कई माह का समय गुजर जाने के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया गया है।
पीएमजीएसवाई ने शुक्रवार को तारकोल डालने के लिए क्षेत्र में रखी मशीनरी को वापस ले जाने के लिए वाहनों को भेजा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे नहीं जाने दिया। उनकी मांग है कि जब तक इस पूरी सड़क पर तारकोल बिछाने का काम पूरा नहीं किया जाता, तब तक वह मशीनरी ले जाने नहीं देंगे।