उधमपुर: अपनी मांगों को लेकर आज तीसरे दिन बी पटवारियों द्वारा किया गया प्रदर्शन.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जम्मू में गिरफ्तार पटवारी को रिहा करने की मांग पर उधमपुर के पटवारियों ने सोमवार को तीसरे दिन भी हड़ताल जारी रखी और सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। पटवारियों ने कहा कि अभी तक गिरफ्तार पटवारी को रिहा नहीं किया है। जबकि पटवारी को बिना अपराध के गिरफ्तार किया गया है। इसलिए गिरफ्तारी का विरोध करते हुए मांग की जाती है कि जम्मू-कश्मीर के पटवारियों को काम करने के लिए सुविधाएं प्रदान की जाए। वहीं पटवारियों की हड़ताल से लोगों की परेशानियां भी बढ़ने लगी हैं।
ऑल जम्मू-कश्मीर पटवार एसोसिएशन के बैनर तले पटवारियों ने सोमवार सुबह से शाम तक राजस्व विभाग के कार्यालय के पास धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने कहा कि जम्मू में पांच दिन और उधमपुर में तीन दिन से पटवारी काम छोड़कर प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन सरकार की तरफ से उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। रिकार्ड गायब किए जाने के आरोप में बिना किसी सबूत के पटवारी को गिरफ्तार किया गया है। कहा कि जब भी पटवारी जमीन का रिकार्ड तैयार करता है तो उसे तहसीलदार और डिवकाम के कार्यालय में रखा जाता है। अगर पटवारी से रिकार्ड गायब हुआ है तो गायब रिकार्ड को तहसीलदार और डिवकाम के कार्यालय से बरामद किया जा सकता है। गिरफ्तार किए गए पटवारी ने इतनी गलती की थी कि उसने सेवानिवृत्त गिरदावर से जमाबंदी का काम करवाया था। जब रिकार्ड गायब हुआ तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। काम करने के लिए पटवार खाना और कार्यालय न होने के कारण ही पटवारी घरों में जाकर काम करने को मजबूर होते हैं। सरकार को चाहिए कि पटवारियों के बैठने के लिए कार्यालय और काम करने के लिए पटवार खाने की सुविधा प्रदान की जाए। कहा कि जब तक सरकार गिरफ्तार किए गए पटवारी को छोड़ने के साथ पटवार खाने और कार्यालय की सुविधा नहीं प्रदान करती है। हड़ताल जारी रहेगी। वहीं हड़ताल के कारण लोगों की परेशानियां भी बढ़ने लगी है। जमीन से संबंधित काम नहीं हो पा रहा है। योजनाओं के सत्यापन का काम भी प्रभावित है।