रामनगर। विभाग का निजीकरण किए जाने के विरोध में शनिवार को रामनगर में बिजली विभाग के एईई सुरिंद्र गुप्ता की अध्यक्ष में कर्मचारियों ने कामकाज बंद कर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एईई सुरिंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रदेश भर में बिजली विभाग के सभी कर्मचारी व अधिकारी तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं।
पहला मुद्दा है कि सरकार जेकेपीटीसीएल कारपोरेशन को पावर ग्रिड के साथ ज्वाइंटवेंचर कर रही है, जो विभाग का निजीकरण करने की दिशा में लिया गया एक कदम भी है। जिसका विभाग कर्मचारियों व अधिकारियों को काफी नुकसान है। इसके अलावा उन्हें नियमित रूप से सैलरी नहीं मिल पा रही है। क्योंकि उनकी सैलरी को बजट प्रोविजन में न रखकर इसे ग्रांट एड में रखा गया है। इसलिए उनकी मांग है कि उनकी सैलरी को बजट प्रोविजन में रखा जाए।
तीसरी प्रमुख मांग विभाग में तैनात अस्थायी कर्मियों के अधिकारों को लेकर है। 20-20 साल से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहें हैं। लेकिन आज तक इनको स्थायी नियुक्ति प्रदान नहीं की गई है। जिनको पक्का किया गया है, उनके आर्डर नहीं निकाले गए हैं। अगर सरकार ने उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे।