चिनैनी। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने चिनैनी में दूसरे दिन भी प्रदर्शन किया। चिनैनी लाइनमैन यूनियन के प्रधान सोमनाथ के नेतृत्व में अस्थायी कर्मियों ने मांग उठाई कि उन्हें जल्द पक्का किया जाए, और समय पर वेतन जारी किया जाए। कहा कि निगमीकरण से उनको कोई लाभ नहीं मिल पाएगा। हड़ताल के चलते एसडीएम परवेज अहमद नायक ने धरना स्थल पर जाकर कर्मियों की समस्याएं सुनीं और इनको हल करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने लोगों को जल्द बिजली बहाल करने का भरोसा दिलाया। वहीं चिनैनी के ज्यादातर गांव अंधेरे में डूब गए हैं। शनिवार रात और दिन में भी कई इलाकों में बिजली बंद रही। मानतलाई में भी शनिवार दोपहर बाद बंद हुई बिजली रविवार को भी बहाल नहीं हुई। करीब दस पंचायतों में बत्ती गुल है, जबकि समरोली लाइन से जुड़ी दस से ज्यादा पंचायतों में शनिवार शाम से बिजली बंद है। चिनैनी और कुद क्षेत्र में भी दर्जनों पंचायतों में लाइट आने का इंतजार किया जा रहा है। दुकानदारों का कारोबार भी चौपट हो गया है।
-----------------------------------------------------------------------------------
ग्रामीण बोले, मिट्टी का तेल देता था राहत
चिनैनी क्षेत्र के ग्रामीण और पूर्व सरपंच विजय कुमार, प्रकाश सिंह ने कहा कि मिट्टी (कैरोसिन) का तेल बंद होना लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। आज यदि मिट्टी का तेल मिलता तो ग्रामीणों की कई समस्याएं दूर होतीं। कहा कि मिट्टी के तेल से लोग दिए बनाकर घरों को रोशन करते थे, लेकिन अब कैरोसिन का तेल नहीं मिलता है।