चिनैनी। कस्बे के सीएफसी में हर माह की सात तारीख को आयोजित होने वाले ब्लाक दिवस के मौके पर ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों ने बुनियादी सुविधाओं की समस्या दूर करने पर जोर दिया। बीडीसी चेयरमैन प्रकाश चंद, एसडीएम परवेज अहमद नायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने कहा कि जल जीवन मिशन को ब्लाक में शुरू किया जाए ताकि लोगों के घर-घर पानी पहुंच सके और लोगों को पानी लेने के लिए मीलों दूर न जाना पड़े। गांवों में कई लोग पेयजल की लिए घंटों परेशान होते हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई इलाके बिजली से महरूम है। लोग आज भी दीए की रोशनी में रातें गुजारने को मजबूर हैं। लोगों ने बिजली संबंधित कार्य तेजी से कराने की मांग की। उधर करलाह गौरीकुंड सड़क का निर्माण कार्य जल्द आरंभ करने और पीएमजीएसवाई के तहत बन रही सड़कों में आई लोगों की जमीनों का मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई गई । बीडीसी चेयरमैन व एसडीएम ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी इन समस्याओं को जल्द उच्च स्तर पर रखा जाएगा और हल करवाया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे ।