इसी खिड़की को तोड़कर अंदर दाखिल हुआ था चोरा।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर कैंबल डंगा में रविवार देर रात को जेके बैंक में चोर ने चोरी प्रयास किया। चोर खिड़की तोड़ कर बैंक के अंदर तक पहुंचा। उसने बैंक के सेफ को तोड़ने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन उसे तोड़ नहीं पाया।
सोमवार सुबह बैंक कर्मियों को इसकी सूचना मिली तो तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सीसीटीवी का रिकार्ड जांचा तो चोर की तस्वीर साफ नजर आ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह जब बैंक कर्मी बैंक में पहुंचे तो अंदर काफी सामान बिखरा हुआ था और सेफ को भी नुकसान पहुंचा था। बैंक कर्मियों को समझते देर नहीं लगी कि बैंक में चारी का प्रयास किया गया है। इसी बीच बैंक मैनेजर भी पहुंच गए और तुरंत इसकी सूचना रैंबल पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को सबसे पहले पता लगाना था कि चोर बैंक के अंदर कैसे पहुंचा, क्योंकि बाहर तो मुख्य द्वार को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था। जब बैंक की इमारत की अच्छी तरह से जांच की तो पता चला कि चोर खिड़की तोड़ कर अंदर पहुंचा था। इसी बीच पुलिस ने सीसीटीवी के रिकार्ड की जांच को तो उसमें चोर बैंक के अंदर साफ नजर आ गया। सीसीटीवी में नजर आया कि चोर बैंक के अंदर जाकर इधर उधर घूम रहा है और फिर सेफ नजर आने के बाद अंदर जाता है। अंदर जाने से पहले चोर अपने मुंह पर एक मास्क पहनता है, जिससे की वह पहचाना न जाए। लेकिन उससे पहले ही चोर की शक्ल सीसीटीवी में कैद हो चुकी थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से चोर की तस्वीर निकाली और इसी के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने कैंबल डंगा व आसपास रहने वाले लोगों से चोर के बारे में पूछा तो किसी ने भी उसे नहीं पहचाना है। बैंक मैनेजर राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस स्टेशन में दर्ज करवा दी है। सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस को सौंप दी है। चोर ने बैंक की सेफ को खोलने का प्रयास किया था, लेकिन इसमें उसको कामयाबी नहीं मिल सकी।