किसानों को दिए सेब की विभिन्न किस्मों को पौधे
बागवानी विभाग ने भद्रवाह में किया प्रशिक्षण सह जागरूकता शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
भद्रवाह। किसानों को नवीनतम तकनीकों एवं योजनाओं से अवगत कराने के लिए बागवानी विभाग ने शनिवार को भद्रवाह में प्रशिक्षण सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इसमें मुख्य बागवानी अधिकारी आरके कोतवाल मुख्यातिथि थे।
शिविर में भाल्ला और भद्रवाह से आए प्रगतिशील बागवानों ने भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागीय योजनाओं, विशेष रूप से कैपेक्स के तहत उच्च घनत्व पौधरोपण योजना के बारे में किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाना था। इसमें सर्दी के आगमन को देखते हुए किसानों को सर्दी मौसम के फल व फसलों का प्रशिक्षण और छंटाई की जानकारी भी प्रदान की गई।
शिविर की शुरूआत में डोडा के मुख्य बागवानी अधिकारी ने जिले में बागवानी क्षेत्र के वर्तमान परिदृश्य पर प्रकाश डाला और प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से आगे आकर इन योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। वहीं, उच्च घनत्व योजना के संबंध में जानकारी देते हुए एचडीओ राहत बशीर ने क्षेत्र के किसानों, विशेष रूप से सीमांत और छोटे किसानों को आगे आकर योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने बताया कि पौधरोपण के लिए कैपेक्स योजना के तहत प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये सब्सिडी है। जिसका लाभ किसान उठा सकते हैं। इस अवसर पर लाभार्थियों के बीच जेरोमाइन, रेड वेलॉक्स, स्कारलेट स्पोर, ग्रैनीस्मिथ और रेड शेफ सहित सेब की विभिन्न विदेशी किस्मों के पौधे भी वितरित किए गए। बाद में भद्रवाह के धरा गांव में पौधरोपण अभियान चलाया गया, जिसमें डीडीसी सदस्य युद्धवीर ठाकुर मुख्य अतिथि थे। उन्होंने सीएचओ डोडा आरके कोतवाल, डीएचओ डोडा शकील अहमद, प्रबंधक भद्रवाह भारत भूषण, एचडीओ और सरपंच शौकत मीर के साथ लगभग सौ सेब की विभिन्न किस्मों के पौधे रोपे।