नेशनल हाईवे पर पत्नीटाप और चिनैनी के बीच सिर्फ एक ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। इस पीएचसी का हाल यह है कि यह अब तक किराये की इमारत में चल रहा है।
बता दें कि पीएचसी की इमारत का निर्माण कुद के पनामा मोड़ के पास चल रहा है। इसका निर्माण कार्य काफी धीमे चल रहा है। इसका निर्माण कब पूरा हो सकेगा, इस बारे में ठीक-ठीक नहीं कहा जा सकता।
कुद के निकट जिस किराये की इमारत में वर्तमान में पीएचसी चल रहा है, उसका किराया सालाना पचास हजार से अधिक है। सालों से अस्पताल किराये की इमारत में है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से इस इमारत का निर्माण जल्द कराने की मांग की है।
बीएमओ डाक्टर मोहम्मद यासीन का कहना है कि लोक निर्माण विभाग को इमारत के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए कहा गया है। आला अधिकारियों को भी इस बारे में कई बार लिखा जा चुका है।