जिला अस्पताल को अगार बल्लियां में बनी नई इमारत मे शिफ्ट किए जाने पर बुधवार को दूसरे दिन भी लोगों ने प्रदर्शन किया। पुराने अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे लोगों को सुविधा नहीं मिलने पर उनका गुस्सा भड़क गया। उन्होंने डीसी के फैसले पर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि वह लोग अस्पताल को नई इमारत में शिफ्ट करने के विरोध में नहीं हैं, बल्कि खाली कराए गए अस्पताल में चिकित्सा सुविधाएं भी मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले एसीआर ने आश्वासन दिया था कि पुरानी जगह सुविधाएं दिए जाने के बाद ही अस्पताल को शिफ्ट किया जाएगा।
लेकिन रातोंरात में अस्पताल को शिफ्ट कर दिया गया। लोगों ने मांग की कि पुराने स्थान पर जच्चा बच्चा वार्ड के साथ ही लेबर रूम और आपातकालीन वार्ड की सुविधा दी जाए।
लोगों को शांत कराने के लिए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। लेकिन कोई फैसला नहीं होने पर लोगों ने रियासी बंद करने की चेतावनी दे दी। हालांकि दोपहर बाद बीएमओ कार्यालय का सामान पुरानी इमारत मे पहुंचना शुरू हो गया था। प्रदर्शन में भाजपा के सुदेश पंडोत्रा, पृथ्वीराज गंदोत्रा, राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।