प्रधानमंत्री के 500 और 1000 के नोट बंद करने के फैसले से सबसे ज्यादा परेशान ग्रामीणों को होना पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों के गांवों में जहां 30-40 किलोमीटर में कोई बैंक ही नहीं है, एटीएम की तो बात ही छोड़ दी जाए, वहां के लोगों को पुराने नोट बदलवाने के लिए रोज मीलों का सफर करना पड़ता है। ऐसे में इलाके हैं जहां सड़क की भी सुविधा नहीं है, उन इलाकों में लोगों की परेशानी बहुत बढ़ गई है।
नोट बदलवाने व एटीएम से पैसे निकलवाने वालों की कतारें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार के दिन भी उधमपुर शहर के एटीएम के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी नोट बदलवाने के लिए लोगों का बैंकों में तांता लगा हुआ है। बड़े नोट बंद होने पर यहां एक तरफ आम आदमी खुश है तो वहीं दूसरी तरफ लोगों को नोट बदलवाने व एटीएम से पैसे निकालने के लिए अब भी लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है।
सुबह से ही विभिन्न जगहों पर एटीएम के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी गई। इसके चलते सलाथिया चौक, अस्पताल रोड, मेन बाजार, गोल मार्केट स्थित एटीएम के बाहर लोगों की लंबी कतारें दिनभर लगी रहीं। पंचैरी व मोंगरी स्थित बैंकों में भी लोगों की लंबी लाइनें देखी गईं।