चिनैनी। जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की जिला इकाई ने बुधवार को चिनैनी में एक कार्यक्रम हुआ। इसमें जिला प्रधान दूपिईद्र पाल सिंह की अध्यक्षता में पार्टी का 22वां स्थापना मनाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर चिनैनी में पीडीपी संभागीय कार्यालय भी खोला गया, जिसका शुभारंभ जिला प्रधान ने किया। उन्होंने बताया कि 28 जुलाई, 1999 को पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने पीडीपी की स्थापना की थी। मात्र तीन साल में 2002 के विधानसभा चुनाव में 16 सीटें जीत कर गठबंधन सरकार बनाई और तीन साल में वह सब कर दिखाया जो आजतक कोई सरकार नहीं कर सकी है। स्थापना दिवस पर उन्होंने संस्थापक के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर 1999 से पीडीपी से जुड़े वरिष्ठ नेता दलबीर सिंह भूतियाल को जिला प्रधान ने जिले में सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी सौंपी है। दलबीर सिंह ने बुधवार को सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए नए सदस्यों को पार्टी के कार्ड वितरण किए। इस मौके पर वरिष्ठ नेता शब्बीर शेख, एजाज सुबरिया, बलबीर सिंह, स्वर्ण सिंह, अजबेर सिंह, अली मोहम्मद खान, जुम्मा मोहम्मद, अतहा मोहम्मद, रमेश शर्मा आदि मौजूद रहे।