पौनी। कोठियां स्थित शिव शक्ति आश्रम के समीप पंचमुखी हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री करण सिंह ने बताया कि हनुमान जयंती का पर्व भगवान हनुमान के जन्मोत्सव के रूप में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी शक्ति, भक्ति, साहस और निस्वार्थ सेवा के प्रतीक हैं, जिनसे हमें सच्ची श्रद्धा, समर्पण और विश्वास के साथ हर कठिनाई को पार करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः हवन-पूजन से हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।