उधमपुर। जिलेभर में वीरवार को साढ़े चार हजार से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई गई है। सुबह से शाम तक लोगों का केंद्रों में पहुंचना जारी रहा। साथ ही लगातार दूसरे दिन भी शहर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से राहगीरों के टीकाकरण कर अभियान चलाया गया। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को पूछ-पूछ कर वैक्सीन लगाई गई।
वीरवार को भी स्वास्थ विभाग की विभिन्न टीमों ने नगर के सलाथिया चौक व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों और श्रमिकों से पूछताछ की। इस दौरान अब तक टीका नहीं लगवाने वालों को खुराक दी गई। इससे जिला में टीका लगवाने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
गौरतलब है कि जिले में कोविड वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पहले जहां हर रोज सैकड़ों लोगों को टीका लग रहा था लेकिन अब संख्या हजारों में पहुंच गई है। रोजाना सुबह से शाम तक लोग टीका लगवाने के लिए केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग को भी समय पर वैक्सीन का स्टाक मिल रहा है। इससे वैक्सीनेशन प्रक्रिया में तेजी आई है। लेकिन कुछ लोग वैक्सीन लगवाने में लापरवाही बरत रहे हैं। डीसी इंदु कंवल चिब के दिशानिर्देश पर अब बुधवार से नगर के चौक चौराहों सहित सार्वजनिक स्थानों पर स्वास्थ विभाग की टीमें पूछताछ के बाद मौके पर ही टीका लगा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि टीके से दूरी बनाने वाले लोगों की पहचान कर उन्हें टीका लगाने का काम शुरू किया गया है, यह मुहिम लक्ष्य पूरा होने तक जारी रहेगी।
जानकारी के अनुसार जिले में वीरवार को 4510 लोगों को वैक्सीन लगाई गइै है। 18 से 44 आयु वर्ग में 1488 लोगों को पहली और 2125 लोगों को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 131 लोगों को पहली और 562 को दूसरी, 40 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 164 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई है।