चिनैनी। कस्बे में बढ़ रहे बंदरों के आतंक पर काबू पाने के लिए वन्य जीव विभाग की टीम शुक्रवार को चिनैनी पहुंची। उन्होंने तीन स्थानों पर पिंजरा लगाकर कुछ बंदरों को पकड़ा है। इसके लिए स्थानीय लोगों व नगर पालिका ने कई बार शिकायत की थी।
कस्बे में दिन प्रतिदिन बंदरों का आतंक बढ़ रहा है। रात में भी बंदर कस्बे के कई मुख्य स्थानों पर झुंड के साथ बैठ जाते हैं, जिससे लोगों का आना जाना मुश्किल हो जाता है। कई बार बंदर हमला कर लोगों को घायल भी कर देते हैं। दुकानदारों व लोगों के घरों में घुस कर खाने का सामान ले जाते है। इसकी शिकायत मिलने पर विभाग ने कस्बे में पहुंचकर बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू किया है।
नगर पालिका के अध्यक्ष मानिक गुप्ता ने कहा कि उन्होंने वन्य जीव विभाग से आग्रह किया था। अब टीम बंदरों को पकड़ने के लिए पहुंच गई है। स्थानीय मदन गोपाल गुप्ता ने कहा कि उन्होंने भी विभाग के अधिकारी सुरेश गुप्ता से फोन पर बात कर कस्बे में बंदरों के आतंक से अवगत कराया था। कस्बे में तीन स्थानों पर पिंजरों से बंदरों को पकड़ने का कार्य शुरू किया गया है, लेकिन वह काफी नहीं है।
उन्होंने विभाग से मांग की है कि बड़ी गाड़ी, जो पूरी तरह से बंद हो, उसमें मक्की डालकर एक साथ सैकड़ों बंदरों को पकड़ा जा सकता है। इससे भारी राहत मिलेगी। वहीं, विभाग के रेंजर राकेश शर्मा ने कहा कि कस्बे में बंदरों को पकड़ने के लिए तीन स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं। इनसे काम किया जा रहा है।