उधमपुर। मंडे मार्केट के कारोबारी नगर निगम के नियम और कायदों को मानने के लिए तैयार ही नहीं हैं, जिसका खामियाजा शहरवासियों को उठाना पड़ रहा है। नगर परिषद के आदेश के बावजूद मंडे मार्केट फिर गोल मार्केट में ही लगाई गई। हालांकि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी होने के कारण मार्केट में खरीदारी करने कम ही लोग पहुंचे। नगर परिषद ने अभी तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है।
छह पांच महीने पहले नगर परिषद ने मंडे मार्केट को गोल मार्केट से रेहड़ी जोन में स्थानांतरित कर दिया था। इसके अलावा रेहड़ी-फड़ी वालों को स्थान उपलब्ध करवाया था। लेकिन अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर के चलते फिर लॉकडाउन लगा दिया गया। अब कोरोना से राहत मिलने के बाद भी मंडे मार्केट फिर से गोल मार्केट में लगने लगी है, जिसे लेकर शहरवासियों ने विरोध करना शुरू कर दिया है।
23 अगस्त को व्यापार मंडल के शिष्टमंडल ने नगर परिषद के चेयरमैन डॉ. जोगेश्वर गुप्ता से मुलाकात कर मंडे मार्केट के लिए स्थान उपलब्ध करवाने की मांग उठाई थी। चेयरमैन ने भी मंडे मार्केट रेहड़ी जोन में ही लगाने की बात कही थी। इसके साथ ही ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी। लेकिन इस सोमवार को मंडे मार्केट के कारोबारियों ने नगर परिषद के आदेश की कोई परवाह नहीं की और फिर से वहीं बाजार लगा दिया। सरकारी अवकाश होने पर नगर परिषद भी कोई कार्रवाई नहीं कर सका। अब आगामी सोमवार को ही कोई कदम उठाए जाने की संभावना है।