उधमपुर: वार्ड नंबर 5 मैं प्रशासन द्वारा लगाई गई तार.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। उपायुक्त कार्यालय के साथ लगते नगर के वार्ड 5 के बाडेयां मोहल्ले की एक गली में संक्रमण के चार मामले पाए जाने के बाद इसे कंटेनमेंट जोन बना दिया है। वीरवार को गली के दोनों प्रवेश द्वारों पर तारबंदी कर सील करने के साथ पुलिस को तैनात कर दिया है।
इसके साथ सटे आसपास के क्षेत्र को बफर जोन घोषित किया गया है, और सभी को कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है। बफर जोन के लोगों के लिए भी बिना मास्क आवाजाही पर पूरी तरह पाबंदी है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को कोरोना जांच करवाने को कहा गया है, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके।
गौरतलब है कि जिले में हर रोज कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी होने के साथ ही माइक्रो कंटेनमेंट जोन की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को जिले में कुल तीन नए माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए थे। प्रशासन ने तीनों स्थानों पर तारबंदी कर लोगों के बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया था। वहीं, वीरवार को शहर के वार्ड 5 की एक गली में चार मामले आने पर एक और कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है। इसके साथ ही जिले में अब माइक्रो कंटेनमेंट जोन की संख्या 13 हो गई है।