उधमपुर। दीपावली की तैयारियों को लेकर सोमवार को उपायुक्त कार्यालय में एडीसी मोहम्मद सैयद खान की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन हुआ। इसमें पटाखा स्टॉलों की स्थापना, कानून व्यवस्था को बनाए रखने, यातायात प्रबंधन, आदि को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण, नगर पालिका, विधिक माप विज्ञान एवं राजस्व विभागों के अधिकारी विशेष रूप से खाद्य वस्तुओं की दरों एवं गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए बाजार का संयुक्त निरीक्षण करेंगे। वहीं, शहर में पटाखों की बिक्री के लिए सुभाष स्टेडियम को पटाखा बिक्री स्थल के रूप में अंतिम रूप दिया गया।
इसके अतिरिक्त जलशक्ति और पीडीडी को विशेष रूप से सुभाष स्टेडियम स्थल पर पर्याप्त पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग पटाखे खरीदने आएंगे। सीईओ नगर पालिका को पटाखों के स्टॉलों और इसकी परिधि सहित शहर में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए कहा। सीएमओ को किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कार्यक्रम स्थल यानी सुभाष स्टेडियम में आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था करने को कहा गया।
इसके अलावा एडी फायर एंड इमरजेंसी सेवाओं को फायर टेंडर तैनात करने और भंडारण व बिक्री के लिए पटाखों के स्टॉलों की स्थापना के लिए एक योजना तैयार करने के निर्देश दिए। एडी फायर एंड इमरजेंसी को बिक्री के दिनों में किसी भी घटना से निपटने के लिए पटाखों की बिक्री के स्थान पर स्टैंडबाय फायर फाइटिंग टेंडर रखने का निर्देश दिया गया। जिला और यातायात पुलिस को शहर की सीमा मे उत्सव के दिनों में उचित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
कस्बे के दुकानदारों से कहा गया कि वे निर्धारित स्थल को छोड़कर कहीं पटाखे न बेचें। एसओपी का विशेष पालन करें। बैठक में एक्सईएन अनिल गुप्ता, तहसीलदार अमित वर्मा, जिला सूचना अधिकारी राजिंदर कुमार, डीएचओ डॉ. मोहम्मद यासीन, एआरटीओ जुगल कुमार शर्मा, डिप्टी एसपी ट्रैफिक हिम्मत सिंह, सीईओ एमसी अमित चौधरी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, अध्यक्ष करियाना एसोसिएशन, अध्यक्ष हलवाई एसोसिएशन, आदि उपस्थित थे।