उधमपुर। जिले में इस बार मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह सरकारी ब्वॉयज डिग्री कॉलेज के परिसर में होगा। यहां पर सुबह नौ बजे मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करने के बाद मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। यह जानकारी डीसी इंदु कंवल चिब ने आयोजित बैठक में दी। वहीं, मार्च पास्ट में हिस्सा लेने वाले दलों का आरटीपीसीआर टेस्ट अनिवार्य होगा। इसमें नौ टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।
जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस 2021 के सुचारू प्रबंधों को लेकर वीरवार को डीसी इंदु कंवल चिब की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें समारोह स्थल पर बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, यातायात नियमन, पानी-बिजली की निर्बाध आपूर्ति, स्वच्छता, प्राथमिक उपचार, दमकल आदि से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश भी दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्य समारोह गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज ब्वॉयज के परिसर में होगा। यहां पर वीआईपी सुबह नौ बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। मार्च पास्ट में कुल नौ टुकड़ियां भाग लेंगी। इनमें जिला पुलिस, एसकेपीए, सीआरपीएफ, होमगार्ड वालंटियर्स, एनएसएस और एनसीसी के अलावा एसकेपीए बैंड शामिल रहेगा। समारोह की शुरुआत सुबह सूचना विभाग के शहनाई वादन कार्यक्रम से होगी।
डीसी ने बताया कि इस अवसर पर थीम आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, आजादी का अमृत महोत्सव, तेजस्विनी, कोरोना जागरूकता, कैच द रेन आदि जैसे कार्यक्रम आयोजित और रिकॉर्ड किए जाएंगे। इस अवसर पर पहले से ही इन कार्यक्रमों की रिकॉर्डिंग वर्चुअल मोड के माध्यम से चलाई जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि मार्च पास्ट में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए कोविड-19 आरटीपीसीआर टेस्ट अनिवार्य होगा। डीडीसी ने एक्सईएन पीएचई और पीडीडी को समारोह स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के अलावा बैठने, बैरिकेडिंग और पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को शहर के साथ-साथ कार्यक्रम स्थल पर भी सफाई बनाए रखने के लिए कहा गया। बैठक में एडीडीसी कांता देवी, एडीसी मोहम्मद सैयद खान, सीपीओ राजीव भूषण, एसीआर विकार गिरी और नागरिक प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।