कटड़ा। शारदीय नवरात्र पर धर्मनगरी महामारी की आस्था में डूबी है। चौबीस घंटे धर्मनगरी के चप्पे-चप्पे से मां के जयकारे लग रहे हैं, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया है। वहीं, शनिवार अलसुबह अटका आरती में सुरेश वाडेकर ने मां की महिमा का गुणगान कर भक्तों को निहाल कर दिया। उन्होंने धरती-गन में होती तेरी जय जयकार ओ मैया से श्रद्धालुओं को थिरकने के मजबूर कर दिया।
जानकारी के अनुसार मां वैष्णो देवी भवन में सुबह-शाम को अटका आरती होती है, लेकिन नवरात्र के दौरान प्रसिद्ध भजन गायक मां के चरणों में हाजिरी लगा कर उनकी महिमा का गुणगान करते रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार सुबह की अटका आरती में प्रसिद्ध गायक पद्मश्री सुरेश वाडेकर और पदमा वाडेकर ने भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान उन्होंने लेके पूजा की थाली ज्योति मन में जला ली..., स्वर्ग बसा है मां जहां रहती दर्शन को तुम जाओ..., ए अंबे जगदंबे सुन ले पुकार... भेंटें प्रस्तुत कर भक्तों का भावविभोर कर दिया। यात्रा मार्ग पर श्रद्घालु हाइटेक वीडियो वाल पर इन भेंटों का आनंद उठाते देखे गए। शाम की अटका आरती में गायक दिव्य कुमार ने अपनी भेंटों से भक्तिरस बिखेरा। उधर, रविवार सुबह की अटका आरती में गायक विपिन सचदेवा मा की महिमा का गुणगान करेंगे।
उधर, शनिवार सुबह जम्मू-कश्मीर प्रभात फेरी एसोसिएशन की ओर से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसे एएसपी अमित बसीन व महाराष्ट्र के महापौर संतोष मैत्रे ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। प्रभात फेरी मां की महिमा का गुणगान करते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरी और बस अड्डे पर संपन्न हुई। इस दौरान मां चंद्रघंटा की झांकी निकाली गई। महाराष्ट्र, राजस्थानी व हिमाचली कलाकारों ने नृत्य कर माहौल को भक्तिरस में डुबो दिया। इस मौके पर राजकुमार पाधा, रमणीक नवादा, राजकुमार दूबे, मनोज सदोत्रा आदि मौजूद रहे।
24980 भक्तों ने भवन की ओर किया प्रस्थान
शनिवार को 24980 भक्तों ने पंजीकरण के बाद भवन की ओर प्रस्थान किया है। इस कारण धर्मनगरी में काफी चहल-पहल है। कटड़ा से लेकर यात्रा मार्ग और त्रिकुटा भवन जयकारों से गूंज रहा है। नवरात्र में यात्रा में बढ़ोतरी हुई है, जिससे कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। नवरात्र के तीसरे दिन दोपहर एक बजे तक 12 हजार, शाम छह बजे तक 20 हजार और 10 बजे तक यह आंकड़ा 25 हजार के करीब पहुंच गया है। शनिवार को आनलाइन पंजीकरण की क्षमता दो घंटे पहले ही पूरी हो चुकी थी। रात 11 बजे उपरांत भी यात्री पहुंच रहे हैं। प्रशासनिक आदेश के अनुसार ढाबे आदि बंद हो जाते हैं। ऐसे में कई यात्रियों को भोजन आदी के लिए भारी दिक्कत पेश आ रही है।
गर्भजून में मां ने की नौ माह तक तपस्या
अध्यात्मिक केंद्र में नटरंग की ओर से माता की कहानी कर मंचन जारी रहा है। शनिवार को आर्दकुंवारी स्थित गर्भजून की कथा और उसके महत्व के दृश्यों को मंचित किया गया। इसमें दर्शाया गया कि जब भैरो बाबा कन्या रूपी मां वैष्णो देवी का पीछा कर रहे थे तो वह नौ माह तक आर्दकुंवारी गुफा में रहीं और तपस्या की। इस कारण इस गुफा को गर्भजून के नाम से भी जाना जाता है। इस मंचन की शुरूआत परम भक्त श्रीधर के भंडारे से हुई। यात्रा के विभिन्न पड़ावों के महत्व का भी बेहतरीन ढंग से मंचन किया गया।
स्कूल परिसर में चलाया सफाई अभियान
रिजनल आउटरीच ब्यूरो ने नेहरू युवा केंद्र व म्यूनिसिप्ल कमेटी के सहयोग से हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में सफाई अभियान चलाया। परिसर की गंदगी को हटाने के साथ ही स्वच्छता का संदेश दिया।
कश्मीरी नृत्य रुफ की रही धूम
नवरात्र महोत्सव के उपलक्ष्य में हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में रिजनल आउटरीच ब्यूरो के रंगारंग कार्यक्रम जारी हैं। दूसरे दिन कश्मीरी नृत्य रूफ की धूम रही। इसका शुभारंभ प्रिंसिपल डायरेक्टर जनरल मिनिस्ट्री ऑफ इंफार्मेशन एंड ब्राडकास्टिंग सतिंद्र प्रसाद ने किया। रंगारंग कार्यक्रमों में अधिकतर देशभर से संबंधित नृत्यों को प्रस्तुत किया जा रहा है। दूसरे दिन राजस्थान का कालबेलिया, हिमाचली नाटी, डोगरी गितड़ू आदि का प्रदर्शन किया गया था।
श्रीदेवी भागवत कथा का आयोजन
नवरात्र महोत्सव के उपलक्ष्य में रघुनाथ मंदिर में दिव्य ज्योती जागृति की ओर से श्री देवी भागवत कथा का आयोजन किया गया। इसमें श्री आशुतोष महाराज की शिष्या भ्रदा भाती ने मां भगवती की महिमा सुना कर भावविभोर किया। उन्होंने बताया कि जब-जब संसार में अधर्म और पाप बढ़ता है, तब ईश्वर अनेक रूपों में प्रकट होते हैं। इसी प्रकार मां वैष्णो देवी ने संसार के कल्याण के लिए अवतार लिया है। आरती से कथा का समापन हुआ। इस मोके पर कमेटी के प्रधान सरदारी लाल दूबे, स्वामी सुचेतानंद, स्वामी सुर्कम आनंद, नरेश केसर आदि मौजूद रहे।
सीआरपीएफ ने लगाया लंगर
सीआरपीएफ की 126 बटालियन की ओर से बाणगंगा मार्ग पर शनिवार को श्रद्धालुओं के लिए लंगर लगाया गया। वहीं, फलहार की भी व्यवस्था की गई थी। गौरतलब रहे कि प्रभात फेरी के बाद सीआरपीएफ ने लंगर लगाया, जिसमें कई भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।