उधमपुर। लोहड़ी की पूर्व संध्या बाजारों में काफी चहल-पहल रही। देर शाम तक लोग लोहड़ी की खरीदारी में लगे रहे। ठंड की परवाह किए बिना पूरा दिन लोग पर्व मनाने के लिए सामान खरीदने में व्यस्त दिखे। वहीं, बालक और युवाओं ने छज्जे खरीदने में काफी दिलचस्पी दिखाई। इससे दुकानदारों का कारोबार भी चमका। वीरवार को बच्चों, युवाओं की टोलियां घर-घर जाकर गीत गाकर लोहड़ी मांगेंगी।
बुधवार सुबह से लेकर शाम तक बाजारों में रौनक रही। महिलाएं बच्चों के साथ सामान खरीदने के लिए पहुंचीं। दुकानदारों ने अपनी दुकानों, रेहड़ियों व फड़ियों को विशेष तौर पर सजाया हुआ था। लोगों ने लोहड़ी में इस्तेमाल होने वाला सामान रेवड़ियां, चिवड़े, मूंगफली, गजक की खरीदारी की।
दिन चढ़ने के साथ ही बाजार में भीड़ बढ़ती गई। हर दुकान के बाहर लोग पर्व मनाने के लिए सामान खरीद रहे। बच्चे और युवा लोहड़ी मांगने की तैयारी में जुटे रहे। छज्जे बनाए जा रहे हैं, छज्जे को डोगरी भाषा में बांबोरा कहते हैं। इन्हें लेकर बच्चे लोहड़ी मांगते हैं।