उधमपुर: शनिवार को शाम 6:00 बजे के बाद दुकानें बंद करने की जानकारी देते बोपार मंडल व चेंबर ऑफ कॉमर्स क?
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। व्यापार मंडल और चैंबर ऑफ कॉमर्स ने 24 घंटे में ही शनिवार व रविवार को बाजार खुला रखने का निर्णय बदल लिया है। उन्होंने शनिवार को उपायुक्त के साथ बैठक कर अब निर्णय लिया है कि शनिवार शाम छह बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक बाजार बंद रहेगा। हालांकि, सोमवार को बाजार में नागा नहीं होगी।
सप्ताहांत पाबंदियों में पहली बार ऐसा देखने मिल रहा है कि बाजार को बंद और खोलने को लेकर प्रशासन की बजाय चैंबर ऑफ कॉमर्स और व्यापार मंडल निर्णय ले रहा है। इसको लेकर जिला प्रशासन से कोई बयान जारी नहीं कर रहा है, और न ही कोई लिखित आदेश जारी कर रहा है। व्यापारी उपायुक्त के साथ बैठक कर निर्णय बता रहे हैं। शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला था।
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने पहले डीसी के साथ बैठक की। फिर एलान किया कि देविकानगरी का बाजार शनिवार व रविवार को खुला रहेगा। लेकिन, 24 घंटे के अंदर ही दूसरी बैठक डीसी के साथ की, और पुराने निर्णय को बदल कर नया निर्णय लिया गया। दोपहर को चैंबर ऑफ कॉमर्स व व्यापार मंडल ने डीसी के साथ बैठक की।
-----
डीसी के साथ बैठक कर बदला निर्णय
डीसी के साथ बैठक के बाद चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रधान शाम स्वरूप कल्सोत्रा ने बताया कि जम्मू शहर को देखते हुए उधमपुर में प्रशासन व व्यापारियों ने आदेश बदला है। प्रशासन ने संक्रमण से निपटने के लिए व्यापारियों का सहयोग मांगा है। जम्मू को देखते हुए निर्णय लिया है कि शनिवार शाम छह बजे बाजार बंद कर दिया जाएगा, जो सोमवार सुबह छह बजे तक बंद रहेगा। रविवार को दिन भर बंदी रहेगी। बार-बार निर्णय बदलने को लेकर व्यापारियों से क्षमा चाहते हैं। सोमवार को नागा के दिन बाजार खुला रहेगा। इसके बारे में प्रशासन को जानकारी दे दी गई है। सोमवार को व्यापारी बिना परेशानी के दुकानें खोल सकते हैं।