पंचैरी के कुलटयार गांव में पहली बार पहुंची बिजली की सुविधा
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी तहसील के कुलटयाड़ गांव में पहली बार ग्रामीणों को बिजली नसीब हुई है। वर्षों के इंतजार के बाद ग्रामीणों के घरों में विभाग ने बिजली की पहुंचाई। शनिवार रात जब घरों में बल्ब जला तो ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं था।
जिले में आज भी सैकड़ों परिवार बिजली से महरूम हैं। जिला प्रशासन व बिजली विभाग इन घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए वर्षों से काम कर रहा है, लेकिन अभी तक सभी घरों में बिजली पहुंच नहीं सकी है। ऐसे हालात में जिन घरों में बिजली पहुंच रही है, उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। पंचैरी तहसील मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर कुलटयाड़ गांव के करीब 50 घरों को बिजली शनिवार शाम को मिली।
शाम को गांव में जब बल्ब जला तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं था। बिशन दास, खेम राज, मुल्ख राज, संजय कुमार, कृष्ण लाल, प्रेमू, आदि ने कहा कि इससे पहले वे दीपक की रोशनी में ही जीवन गुजार रहे थे, और बिजली के लिए विभाग और प्रशासन कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। विभाग ने वर्षों पहले गांव तक बिजली पहुंचाने का काम शुरू किया था, लेकिन इसमें कामयाबी शनिवार को ही मिल सकी है।
उन्होंने कहा कि अब उनके बच्चे भी बिजली की रोशनी में पढ़ सकेंगे। महिलाएं बिजली की रोशनी में खाना बनाएंगी। कुलटयाड़ के सरपंच पवन कुमार ने बताया कि गांव में अभी भी करीब 15 घर ऐसे हैं, जहां बिजली नहीं पहुंची है। उनकी प्रशासन व बिजली विभाग से अपील है कि इन घरों में भी जल्द बिजली की सुविधा प्रदान की जाए।