किश्तवाड़। जिले के उपमंडल पाडर की मजेल तहसील के अंतर्गत आने वाले डंगेल, लुसैनी सहित कई गांव आज भी बिजली सुविधा से महरूम हैं। हालांकि इन क्षेत्रों में पहले बिजली उपलब्ध थी लेकिन इस वर्ष चल रहे केबल बिछाने के कार्य के चलते सप्लाई बाधित है। फिलहाल केवल मजेल गांव तक ही बिजली पहुंच पाई है, जबकि अन्य गांव अब भी इंतजार कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से भी बातचीत की। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि केबलिंग का कार्य पूरा होते ही अन्य गांवों को भी बिजली से जोड़ दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्रिड से जुड़ी कुछ तकनीकी समस्याएं हैं, जिन्हें दूर करने का प्रयास जारी है। प्रशासन की कोशिश है कि अगले महीने तक इन गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाए।
स्थानीय निवासी रंगेल सिंह पाडर ने भी प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द बिजली सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। गौरतलब है कि सर्दियों के दौरान इन गांवों के अधिकतर लोग जम्मू व अन्य स्थानों की ओर पलायन कर जाते हैं, लेकिन अब मौसम साफ होने के बाद वे वापस लौट रहे हैं और चाहते हैं कि उन्हें मूलभूत सुविधाएं, खासकर बिजली, समय पर मिल सके। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन अपने आश्वासन पर खरा उतरेगा और जल्द ही उनके गांव भी रोशनी से जगमगा उठेंगे।