जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को रामबन-बनिहाल सेक्टर के मारूग और बैटरी चश्मा इलाके में जाम लगने की वजह से वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े। चालकों का कहना था कि जम्मू से श्रीनगर की और वाहनों को चलाने के अनुमति दी गई थी। लेकिन इस दौरान श्रीनगर से भी वाहनों को चलाने की अनुमति दी गई, जिसकी वजह से कुछ जगहों पर जाम की स्थिति बन गई।
दोनों तरफ के वाहन चालक एक-दूसरे वाहन से आगे निकलने के लिए ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसकी वजह से राजमार्ग पर जाम लग गया। जिसे खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। क्योंकि ड्राइवरों ने अपने वाहन बेतरतीब ढंग से रोक रखे थे। इस दौरान यात्रियों और चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।