फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: फूलों की वर्षा, गुरबाणी की गूंज और सेवा भाव के बीच निकला नगर कीर्तन

विज्ञापन
विज्ञापन
उधमपुर। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से आयोजित नगर कीर्तन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। दोपहर 12 बजे पांच प्यारों की अगुवाई में शुरू हुआ नगर कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और सतनाम वाहेगुरु के जयकारों के बीच शहर के मुख्य बाजारों से गुजरा।
विज्ञापन


नगर कीर्तन में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन पालकी को फूलों से सजाया गया था। सवारी के आगे सेवादारों की ओर से सड़क पर पानी डालकर सफाई की जा रही थी, वहीं उनके पीछे श्रद्धालु रास्ते पर फूल बिछाते हुए चल रहे थे। इस दौरान पांच प्यारों की अगुवाई ने नगर कीर्तन की धार्मिक गरिमा को और बढ़ाया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने सवारी के आगे माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। कई श्रद्धालुओं ने रस्सियों की सहायता से वाहन को खींचकर सेवा निभाई। नगर कीर्तन में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं गतका दल ने पारंपरिक युद्ध कला के अद्भुत करतब दिखाकर संगत का ध्यान आकर्षित किया। ढोल-नगाड़ों के साथ गुरबाणी कीर्तन करते हुए श्रद्धालु आगे बढ़ते रहे। नगर कीर्तन के मार्ग पर स्थानीय लोगों की ओर से जगह-जगह खाने-पीने के स्टाल लगाए गए और संगत में प्रसाद भी वितरित किया गया। नगर कीर्तन गोल मार्केट में स्थित गुरुद्वारा से रामनगर चौक, अस्पताल रोड, सैले तालाब और मुख्य बाजार से होते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ।

जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जसपाल सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में हर वर्ष नगर कीर्तन निकाला जाता है। गुरु नानक देव जी ने पूरी दुनिया को नाम जपो और किरत करो का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को मेहनत और ईमानदारी से कमाई करने, परमात्मा का नाम जपने और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाने की प्रेरणा दी। गुरु साहिब का संदेश पूरी मानवता के लिए है। उन्होंने समाज को प्रेम, समानता और भाईचारे का रास्ता दिखाया। जसपाल सिंह ने शहरवासियों से 24 नवंबर को मनाए जाने वाले प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।
विज्ञापन



सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम :
नगर कीर्तन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग पर पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और सेना के जवान तैनात रहे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन भी उपलब्ध रखे गए थे। नगर कीर्तन के सफल आयोजन में प्रशासन के विभिन्न विभागों ने भी सहयोग दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें