उधमपुर। जम्मू-कश्मीर सामाजिक कल्याण निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ओबीसी और ईबीसी वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री युवा उपलब्धि छात्रवृत्ति पुरस्कार योजना के तहत कक्षा 9वीं और 10वीं में सरकारी संस्थानों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल 22 जुलाई से खुला है जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर निर्धारित की गई है। आवेदन के बाद संस्थान स्तर पर 15 नवंबर और जिला स्तर पर 30 नवंबर तक सत्यापन किया जाएगा। विद्यार्थियों को पहले राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा और इसके बाद प्राप्त पहचान संख्या व पासवर्ड के माध्यम से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन पूरा करना होगा। आवेदन करते समय विद्यार्थियों के पास आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाणपत्र, श्रेणी प्रमाणपत्र, आधार से जुड़े बैंक खाते की पासबुक, तहसीलदार द्वारा जारी आय प्रमाणपत्र, पिछली कक्षा का अंक पत्र, वर्तमान कक्षा की मूल फीस रसीद तथा सही मोबाइल नंबर और ई-मेल पता होना जरूरी है। विभाग की ओर से विद्यार्थियों से अपील है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और सभी दस्तावेज सही जानकारी के साथ जमा करें ताकि सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कोट
सभी जेडईओ और स्कूल प्रमुखों से अपील है कि छात्रवृत्ति योजना की जानकारी अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाएं ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों तक इसका लाभ पहुंच सके। सभी अधिकारियों से अनुरोध है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने बाले बच्चों को समय रहते आवेदन के लिए प्रेरित करें।
- सुनील खजूरिया, मुख्य शिक्षा अधिकारी