रामनगर। तहसील बसंतगढ़ के पचोद इलाके में यात्री वाहनों की कमी से गांव वासियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर विद्यार्थी स्कूल जाते समय यात्री वाहनों की सेवा नहीं मिलने के कारण परेशान होकर पैदल ही मंजिल तक पहुंच रहे हैं। गांव वासियों ने परिवहन विभाग को यात्री वाहनों की संख्या बढ़ाने की मांग की है ।
स्थानीय गांववासी पवन रासल, अशोक मलकान, योगराज, पुरुषोत्तम मलकान व अन्य गांव वासियों ने बताया कि रामनगर से पचोद गांव तक सिर्फ एक ही यात्री बस है। यह यात्री बस रामनगर से दोपहर सवा एक बजे पचोद गांव की तरफ निकलती है और पचोद से सुबह आठ बजे रामनगर की ओर रवाना होती है। इस कारण यात्री वाहनों की सेवा नहीं मिलने से कई आने जाने वाले यात्रियों को अपनी मंजिल तक पैदल ही रवाना होना पड़ता है।
गांव वासियों ने बताया कि जब गांव से यात्री बस निकल जाती है उसके बाद कोई भी यात्री वाहन नहीं मिलता। खासकर जब गांव में कोई बीमार हो जाता है तो उसे प्राइवेट वाहनों के जरिए मंजिल तक पहुंचाया जाता है। गांव वासियों ने परिवहन विभाग तथा प्रशासन से मांग की जल्द ही यात्री वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि विद्यार्थियों को स्कूल जाने के लिए समय पर यात्री वाहनों की सेवा मिलती रहे।
पचोद गांव से मजोडी हाई सेकेंडरी स्कूल की तरफ जाने वाले विद्यार्थी कमलेश कुमारी, राकेश कुमार, पवन कुमार, रवि कुमार, शाम सिंह, वीणा देवी ने बताया कि पचोद से सुबह आठ बजे यात्री बस रामनगर की तरफ निकलती है और हमारा स्कूल का समय दस बजे का है। लिहाजा गांव में एक ही यात्री वाहन होने के चलते हमें पैदल मजोडी स्कूल में पहुंचना पड़ता है। इस दौरान कई कठिनाइयों का सामना करके हर दिन स्कूल पहुंचते हैं।