चिनैनी। कस्बे के वार्ड नंबर एक, अस्पताल, केंद्रीय विद्यालय स्कूल तथा चसकू गांव में पेड़ गिरने से ठप हुई पानी की आपूर्ति तीसरे दिन भी बहाल नहीं हो पाई। इसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह कस्बे के ब्लॉक ऑफिस के निकट एक बड़ा पेड़ गिरने से रास्ता बंद हो गया था। पानी तथा बिजली की आपूर्ति पर भी असर पड़ा था। पेड़ को कुछ ही घंटे बाद सड़क से हटा दिया और बिजली समस्या भी दूर कर दी गई लेकिन वार्ड नंबर एक, केंद्रीय विद्यालय स्कूल, अस्पताल तथा चस्कू गांव में ठप हुई पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। जल शक्ति विभाग कार्यालय से तेलीवाड़ी में बनाए गए टैंक में पानी लिफ्ट नहीं किया जा सका। विभाग के कार्यालय में जिस जगह से पानी लिफ्ट किया जाता है वहां पर वाल टूट गए हैं। इसके चलते इन स्थानों पर तीसरे दिन भी पानी की आपूर्ति ठप रही।
स्थानीय निवासी अनवर हुसैन, रोहित, संजय ने कहा कि चार दिन से पानी की आपूर्ति ठप होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। गर्मी के इस सीजन में पानी का इस्तेमाल भी ज्यादा होता है। ऐसे में 4 दिन से पानी न मिलने से लोगों को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या पर विशेष ध्यान दिए जाने की मांग की है ताकि लोगों की समस्या दूर हो सके। लोगों ने कहा कि अगर इतने दिनों तक पानी बंद रहता है तो विभाग को इसके लिए विकल्प ढूंढना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं होता जिस कारण लोगों के लिए परेशानियां बढ़ जाती हैं।
जलशक्ति विभाग के अधिकारी शाहबाज खान काजी ने कहा कि सोमवार को पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इससे लोगों को राहत मिलेगी।