चिनैनी। पर्यटन स्थल पटनीटॉप में रविवार को बर्फ देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। हालांकि दोपहर तक कुद से आगे गाड़ियों को नहीं छोड़ा जा रहा था। बावजूद इसके कई सैलानी पैदल ही बर्फ का आनंद लेने के लिए पटनीटॉप की ओर चल पड़े। दोपहर बाद जैसे ही गाड़ियों को पटनीटॉप जाने की इजाजत मिली तो कुद ओर पटनीटॉप के बीच में जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। इससे सैलानियों को घंटों परेशान होना पड़ा और गाड़ियां भी धीमी गति से आगे बढ़ रही थीं। गौरतलब है कि कुद व पटनीटॉप के बीच भारी बर्फबारी के कारण सड़क भी सिकुड़ गई है। इससे दोनों ओर से गाड़ियों की आवाजाही होने से जाम की समस्या उत्पन्न हुई। सुरक्षा टीम कुद व पटनीटॉप के बीच जाम खुलवाने के कार्य में लगी थी। जाम खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
-
सड़क न खुलने से पटनीटाॅप के कारोबारियों में निराशा
बर्फबारी के तीसरे दिन पटनीटॉप में गाड़ियां लेकर सैलानी पहुंचे लेकिन सड़क पूरी तरह से नहीं खुलने से कारोबारियों में निराशा दिखाई दी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पर्यटन स्थल में सड़कों को खोलने का कार्य तेज गति से किया जाना चाहिए। स्थानीय कारोबारी सुभाष चंद्र, अशोक कुमार ने कहा कि प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप सैलानियों के लिए ही मशहूर है लेकिन सैलानियों को बर्फबारी के बाद पटनीटाॅप में पहुंचने के लिए तीन दिन लग गए। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के तुरंत बाद मशीनों के जरिए सड़कों से बर्फ हटाने का कार्य किया जाना चाहिए। बड़ी मशीन बर्फ हटाने के लिए लगानी चाहिए ताकि सैलानी बर्फबारी की चाह में आसानी से पटनीटॉप पहुंच सकें। कारोबारियों ने कहा कि उन्हें भी उम्मीद रहती है कि बर्फबारी के बाद कारोबार में इजाफा होगा। इसके लिए कार्य तेजी गति से किया जाना चाहिए।