चिनैनी। नव वर्ष का काउंट डाउन शुरू हो गया है, लेकिन जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में अभी भी रौनक नहीं दिख रही है। इसका एक तो कारण अभी तक बर्फबारी न होना है और दूसरा बीते कुछ माह पहले भारी बारिश के कारण जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग तथा अन्य जगहों पर बारिश के कारण हुई परेशानी भी बताई जा रही है। कई सैलानी भी उस दौरान फंस गए थे जिन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी थी।
कारोबारी यह भी मान रहे हैं कि पहलगाम में हमले के बाद भी इस पर्यटन स्थल में उस तरह की रौनक नहीं दिखी जैसे होनी चाहिए थी। कारोबारी एसके बडियाल, राजेश ठाकुर, सुभाष चंद्र ने कहा कि नव वर्ष से पहले नवंबर माह में ही जम्मू संभाग का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप सैलानियों से गुलजार होना शुरू हो जाता था, मगर इस बार अभी तक कारोबार में काफी मंदा चला आ रहा है, कई होटल में स्टाफ को कम कर दिया गया है तो कुछ होटल में स्टाफ का खर्चा निकालना भी मुश्किल हो गया है। टैक्सी यूनियन के प्रधान प्रकाश चंद ने कहा कि कारोबार में मंदा इस स्तर पर है कि कई टैक्सी वालों की किस्त तक नहीं निकल पा रही है। उन्होंने सरकार से टैक्सी वालों पर लगने वाले ब्याज को माफ किए जाने की मांग की ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी पेश न आए।
वहीं फोटोग्राफर यूनियन के प्रधान सुभाष चंद्र ने कहा कि पटनीटॉप में सैलानियों की आवाजाही बहुत कम होने के कारण फोटोग्राफरों की भी समस्या बढ़ गई है। कारोबारियों ने कहा कि सैलानियों की आवाजाही पटनीटाॅप में कम का कारण एक तो ट्रेनों की कम संख्या और कई सैलानी रेल के जरिए सीधे श्रीनगर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को पटनीटॉप में सैलानियों को आकर्षित करने के लिए एक ऐसा प्लान बनाना चाहिए ताकि पटनीटॉप में कारोबार पूरे वर्ष चल सके।