उधमपुर। उधमपुर के वार्ड नंबर-17 स्थित शंकर नगर मोहल्ले का नाम कथित तौर पर बदलकर दुर्गा नगर किए जाने का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया है। इस संबंध में मोहल्ले के लोगों की एक अहम बैठक राजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में बोलते हुए राजीव कुमार व अन्य लोगों ने रोष व्यक्त किया कि जब से वे इस मोहल्ले में रह रहे हैं, तब से इस क्षेत्र का नाम शंकर नगर मोहल्ला ही है। उनके वोटर कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों में यही पता दर्ज है।
लोगों का कहना है कि उनके डोमिसाइल सर्टिफिकेट और बच्चों के स्कूली कागजातों में भी यही नाम लंबे समय से चला आ रहा है। ऐसे में अचानक कुछ लोगों द्वारा यहां बोर्ड लगाकर मोहल्ले का नाम दुर्गा नगर रखा जाना पूरी तरह से अवैध और अस्वीकार्य है। निवासियों का तर्क है कि नाम बदलने से उनके तमाम पुराने दस्तावेजों में बदलाव करवाना एक बहुत बड़ी और कठिन चुनौती बन जाएगा। स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया कि मोहल्ले का नाम बदलने को लेकर आम जनता की कोई सहमति नहीं है, बल्कि कुछेक लोगों द्वारा यह कदम उठाया गया है। इस मुद्दे को लेकर मोहल्ले का एक प्रतिनिधिमंडल नगर परिषद के सीईओ और तहसीलदार से मुलाकात करेगा और उन्हें ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र का नाम शंकर नगर ही बनाए रखने की मांग करेगा। बैठक में मौजूद सभी लोगों ने एकस्वर में जिला प्रशासन और नगर परिषद विभाग से आग्रह किया है कि इस मामले का संज्ञान लिया जाए और मोहल्ले की पहचान शंकर नगर के रूप में ही बरकरार रखी जाए।