उधमपुर/किश्तवाड़। सोशल रिफॉर्म एंड चैरिटेबल ऑर्गेनाइजेशन ने किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार को भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई दी है। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में संस्था के चेयरमैन संजीव परिहार ने आशियाना के प्रबंधन और बच्चों के साथ मिलकर विधायक का स्वागत किया। विशेष बच्चों ने फूल-मालाओं और तालियों के साथ उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर शगुन परिहार ने बच्चों के बीच मिठाइयां बांटीं।
संगठन ने इस नियुक्ति को उनके नेतृत्व, जनसेवा और समाज कल्याण के प्रति समर्पण की मान्यता बताया। संस्था ने आशियाना के विकास के लिए विधायक द्वारा अपनी क्षेत्र विकास निधि से 3 लाख रुपये की सहायता देने पर आभार भी जताया। इस अवसर पर रवि शंकर वजीर, एडवोकेट कुलदीप शर्मा, यशपाल कोतवाल, अजय शान और विनोद भंडारी मौजूद रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि शगुन परिहार अपनी नई राष्ट्रीय जिम्मेदारी में युवाओं को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेंगी और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य जारी रखेंगी। कार्यक्रम का समापन स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।