रियासी। जिले की तहसील माहौर के न्योच इलाके में शुक्रवार मध्य रात्रि एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। वहीं एक महिला घायल हो गई। हमलावर फरार हो गया है। हमले का कारण अवैध संबंध बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात एक बजे के करीब महिला जाहिदा बेगम घायल अवस्था में चिल्लाती हुई अपने घर से निकली। स्थानीय लोग अपने घरों से निकले तो महिला के साथ एक स्थानीय व्यक्ति मंजूर अहमद भी गंभीर अवस्था में घायल पाया गया। दोनों को उपचार के लिए कम्युनिटी हेल्थ सेंटर माहौर लाया गया। यहां डॉक्टरों ने मंजूर अहमद को मृत घोषित कर दिया। महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रियासी भेजा गया। घायल महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति शमसदीन ने किसी हथियार से उस पर हमला किया है। शनिवार सुबह मृतक मंजूर अहमद के शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस स्टेशन माहौर में हत्या व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने फरार हमलावर की तलाश शुरू कर दी है।