उधमपुर। बीते साल अगस्त-सितंबर माह में हुई बाढ़-बारिश की घटनाओं में क्षतिग्रस्त हुई रामनगर डिवीजन की कघोट-डालसर सड़क पर पेश आ रही आवाजाही की परेशानी अब जल्द दूर होने जा रही है।
प्रशासन ने सड़क की स्थायी मरम्मत को लेकर 30 लाख की योजना को मंजूरी दी है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से टेंडर जारी कर दिया है और इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही काम शुरू होने की संभावना है।
लगभग साढ़े 13 किलोमीटर लंबी इस सड़क की मरम्मत होने से कघोट और डालसर के अलावा आसपास इलाकों की कुल 5 हजार आबादी को काफी राहत मिलेगी, जो आवाजाही को लेकर भारी परेशानी में थी। विभागीय जानकारी के मुताबिक सड़क पर पड़े मलबे को पूरी तरह से हटाने के साथ ही सड़क किनारे डंगों का निर्माण भी किया जाएगा।
स्थानीय कस्तुरी लाल, मक्खन सिंह, बबली देवी, गोविंद राम व अन्य का कहना था कि बीते साल बरसात की तेज बारिश और बाढ़ की घटनाओं से सड़क काफी ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गई थी। कई जगहों पर सड़क पर काफी ज्यादा भूस्खलन हुआ था और कई हिस्सों पर सड़क की सुरक्षा दीवार भी ढह गई थी। प्रशासन ने तात्कालिक अस्थायी उपायों में सड़क पर गिरे मलबे को किनारे कर गाड़ी गुजरने के लिए रास्ता तो बना दिया था लेकिन पूरी तरह से मलबा नहीं हटाए जाने के कारण परेशानी बनी हुई थी। सुरक्षा दीवार की भी मरम्मत नहीं होने से हादसों का भी डर बना हुआ था। आवाजाही में अधिक समय लग रहा था। इससे स्कूली बच्चों व कामकाजी लोगों को काफी परेशानी पेश आ रही थी। इसलिए यह इलाके की एक गंभीर समस्या बन चुकी थी। लगातार समाधान की मांग भी उठाई जा रही थी। अब सड़क की मरम्मत होने से काफी राहत मिलेगी।
कोट
सड़क की स्थायी मरम्मत के कार्य को लेकर टेंडर जारी कर दिया गया है। इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।
-शम्मी गुप्ता, एईई लोक निर्माण विभाग
रिपोर्ट-विजय कुमार