उधमपुर। जिले में मंगलवार को भी साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। सुबह से शाम तक वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों को सेंटरों में पहुंचना जारी रहा। लोगों की संख्या बढ़ने के साथ स्वास्थ्य विभाग की तरफ से केंद्रों की संख्या में भी बढ़ोतरी की जा रही है। बुधवार को भी इनकी संख्या तीन हजार से अधिक रहने की संभावना है।
जिले में कोरोना वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पहले जहां हर रोज सैकड़ों लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही थी तो अब इनकी संख्या हजारों में पहुंच गई है। हर रोज सुबह से शाम तक लोग वैक्सीन लगवाने के लिए केंद्र में पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग को भी समय पर वैक्सीन का स्टाक मिल रहा है और इसी कारण वैक्सीन लगवाने की प्रक्रिया में कोई परेशानी नहीं हो रही है। जानकारी अनुसार जिले में मंगलवार को कुल 3673 लोगों को वैक्सीन लगाई गइै है। 18 से 44 आयु वर्ग में 1102 लोगों को पहली और 1787 लोगों को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 86 लोगों को पहली और 528 को दूसरी, 22 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 148 को दूसरी डोज लगाई गई है। शाम तक स्वास्थ्य विभाग के पास दस हजार से अधिक डोज का स्टाक मौजूद था। इसलिए बुधवार को भी हजारों लोगों को वैक्सीन लगने की संभावना है।