गोवा में कांस्य पदक जीतने वाली रीया महाजन को सम्मानित करते भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व अन्य शहरव?
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। गोवा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की पावर लिफ्टिंग बैंच प्रेस प्रतियोगिता में उधमपुर की रिया महाजन ने 57 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। इसलिए, बुधवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन खजूरिया ने उनके घर जाकर उन्हें माता की चुनरी पहनाकर सम्मानित किया।
उपाध्यक्ष ने कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। रिया महाजन ने उधमपुर में पावर लिफ्टिंग फेडरेशन न होने के बावजूद पूरा मन बनाया था कि वह जिले के लिए पदक जीत कर लाएगी। इसके लिए उसने घर में अभ्यास किया, और जम्मू में जाकर प्रतियोगिता जीती। इसके बाद उसने जम्मू के कोच के मार्गदर्शन में गोवा में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया, और अपने जिले के लिए कांस्य पदक जीता।
उन्होंने कहा कि रिया ने जिले के लिए पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में पदक जीत कर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की सार्थकता सिद्ध की है। उसने समाज में फिर से साबित कर दिया है कि बेटी अपनी मेहनत से जो चाहे वह हासिल कर सकती है। इसके लिए रिया के माता पिता भी विशेष बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने हर कदम पर उसका मनोबल बढ़ाने के साथ उसका भरपूर सहयोग किया।
नेता ने कहा कि प्रदेश की अन्य बेटियों को भी रिया से प्रेरणा लेकर सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करनी चाहिए। वहीं, पारिवारिक सदस्यों ने कहा कि बेटी के पदक जीत कर लाने पर घर के साथ पूरे मोहल्ले में उत्सव का माहौल है। जिले भर से शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है। फोन पर भी लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं। बेटी ने कारनामा कर परिवार के साथ ही पूरे जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है।