उधमपुर। कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी और कोरोना के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस ने जिले में विशेष अभियान की शुरूआत की है। पुलिस अब लोगों के चालान काटने के बजाए मास्क बांट रही है। अपील कर रही है कि घरों से बाहर निकलने पर मास्क जरूर पहनें और सामाजिक दूरी के निमय का भी पूरा ख्याल रखें।
जिले में अब कोरोना के मामलों में थोड़ी बढ़ोतरी देखने को मिलने लगी है। इससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ने लगी है। पुलिस की तरफ से बिना मास्क के बाहर निकलने वाले लोगों पर सख्ती करते हुए हजारों लोगों के चालान काटे जा चुके हैं। इसके बावजूद लोग समझ नहीं रहे हैं, और बिना मास्क के बाजार में घूमते नजर आ रहे हैं। अब पुलिस ने लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय जागरूक करना शुरू किया है और यह जागरूकता अभियान पूरे जिले में शुरू किया गया है।
रविवार को पूरे शहर में पुलिस की टीमों ने शहरवासियों को ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर जागरूक किया। शहर व साथ लगते इलाकों में जब पुलिस की टीमें पहुंची तो कई लोगों को बिना मास्क के बाहर घूमते हुए देखा और इस बार उन पर कोई कार्रवाई करने के बजाए मास्क बांटे और बताया कि कोरोना संक्रमण का नया ओमिक्रॉन वैरिएंट ने पूरे विश्व में तबाही मचानी शुरू कर दी है। इसके कुछ मामले जम्मू-कश्मीर में भी सामने आ चुके हैं। इसलिए अब लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। कोरोना अभी गया नहीं है। हमारे बीच में ही है। अगर सावधानी नहीं रखी गई तो आने वाले दिनों में इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हम सभी को इसको लेकर जागरूक रहने की जरूरत है।
शहर व ग्रामीण इलाकों में सैैकड़ों लोगों को लगाई कोरोना वैक्सीन
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में रविवार को 1300 से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। कुछ दिनों से कोरोना वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि छुट्टी के दिन इनकी संख्या में थोड़ी कमी हो रही है। सोमवार को दो हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाए जाने की संभावना है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को जिले में कुल 1355 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। 18 से 44 आयु वर्ग में 33 लोगों को पहली और 1213 को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 107 लोगों को दूसरी, 60 से अधिक आयु वर्ग में दो लोगों को दूसरी डोज लगाई गई है। दूसरी डोज लगवाने लोगों की संख्या में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी मिल रही है। पहले जहां हर रोज औसनत 1300 लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही थी। अब इनकी संख्या हर रोज दो हजार को पार कर रही है। हालांकि रविवार की छुट्टी के दिन इनकी संख्या में कमी आ रही है। विभाग की तरफ से दूसरी डोज लगाने के लिए निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए काम में तेजी लाई गई है। पहले जहां छुट्टी के दिन करीब 600 लोगों को वैक्सीन लग रही थी तो अब इनकी संख्या 1300 को भी पार कर रही है।