संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के साथ लगते विशाल धनौआ में काफी सालों से लोगों को तवी नदी पर बनाए गए फुट ब्रिज को पार कर आना-जाना पड़ता था। अब क्षेत्र में 7.50 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाने की मंजूरी मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चेयरमैन लाल चंद ने बताया कि जहां एक तरफ स्लमेह पुल बनाने की मंजूरी मिल गई है, वहीं अब विशाल से धनौआ क्षेत्र में भी पुल बनाने की अनुमति मिलने से क्षेत्र का विकास होगा। उन्होंने कहा कि जब तक कोई प्रोजेक्ट नहीं बनाया जाता तब तक किसी भी क्षेत्र में न तो सड़क बन सकती है ओर न ही पुल। क्योंकि किसी भी क्षेत्र में विकास करवाने के लिए पहले प्रोजेक्ट तैयार किए जाते हैं। इस पुल को बनाने के लिए इंजीनियर विंग ने काफी काम किया है और प्रोजेक्ट तैयार कर नाबार्ड को भेजा था।
प्रोजेक्ट के पास होते ही इस पुल को बनाने के लिए राशि मंजूर हुई है। मौजूदा समय में लोग इस क्षेत्र में बने फुट ब्रिज से आते-जाते हैं। लेकिन पुल बनते ही लोग वाहनों में बैठकर अपने घर पहुंचेंगे। वहीं क्षेत्र में पुल की मंजूरी मिलने से क्षेत्र के लोग बेहद खुश हैं। यह पुल लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार किया जाएगा। पुल बनने से तकरीबन सात हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
लाल चंद ने कहा कि क्षेत्र में पुल की मंजूरी मिलने को लेकर कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर जल्द ही पुल का निर्माण कार्य को शुरू करवाया जाएगा।