बैटरी कार मार्ग के पास के वन में लगी आग
- फोटो : KATRA
कटड़ा। भवन मार्ग पर देवी द्वार क्षेत्र के समीप वन क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधक दल मौके पर पहुंचा तथा आग पर नियंत्रण पाया। फिलहाल आग लगने के कारण का पता नहीं चला है।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे बैटरी कार मार्ग पर देवी द्वार क्षेत्र के समीप के वन में धुआं निकलता नजर आया। इस संबंध में तत्काल बोर्ड प्रशासन को सूचित किया गया, तथा आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास तेज हो गए। हालांकि, इस आग लगने की घटना से भक्तों की आवाजाही पर कोई प्रभाव नहीं हुआ। कुछ समय तक धुआं रहने से थोड़ी दिक्कत जरूर हुई।
इस आग ने करीब दो सौ मीटर वन क्षेत्र को अपनी चपेट में लिया है। तेज हवाओं के कारण आग नियंत्रित करने में थोड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा। लेकिन, लगभग तीन घंटे में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।