उधमपुर शहर के कोर्ट रोड इलाके में अतिक्रमण को बढ़ावा देती दुकानों के बाहर लगाई रेहड़ियां व फड़िय?
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। देविकानगरी को अतिक्रमण से राहत अब तक नहीं मिल पाई है। नगर परिषद रेहड़ियों पर तो कार्रवाई कर रहा है, लेकिन दुकानों के बाहर लगी रेहड़ियों व फड़ियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। दुकानदारों की मिली भगत से दुकानों के बाहर रेहड़ियां लग रही हैं।
नगर परिषद की तरफ से आए दिन अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की जा रही है। ज्यादातर सलाथिया चौक से रेहड़ियों को पकड़ा जा रहा है। लेकिन, कोर्ट रोड, रामनगर चौक, मुखर्जी बाजार, इंदिरा चौक में अतिक्रमण को बढ़ावा देने वाले दुकानदारों और फड़ी वालों पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जा रही है। इन इलाकों में सबसे अधिक अतिक्रमण नजर आता है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर सामान रख कर अतिक्रमण कर रखा है। साथ ही रेहड़ी व फड़ी वालों को भी काम करने के लिए स्थान दे रखा है।
सोम राज, अनिल कुमार व अन्य शहरवासियों का कहना है कि नगर परिषद की कार्रवाई हर बार केवल रेहड़ियों तक ही सीमित रह जाती है। दुकानों के बाहर लगाई गई रेहड़ियों व फड़ियों की तरफ तो कभी ध्यान ही नहीं जाता। कुछ रेहड़ियों को पकड़ने के बाद टीम वापस लौट जाती है। जबकि, अतिक्रमण को बढ़ावा देने वाले दुकानदारों और फड़ी वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। नगर परिषद को इसको गंभीरता से लेकर काम करना चाहिए, ताकि शहर जल्द अतिक्रमण मुक्त हो सके।
-----
नगर परिषद की तरफ से अतिक्रमण को लेकर गंभीरता से काम किया जा रहा है। कई बार रेहड़ियों और फड़ियों को पकड़ा गया है और कई रेहड़ियां अब भी कार्यालय में जब्त कर रखी गई हैं। दुकानदारों पर भी नकेल कसी जा रही है। आने वाले दिनों में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
- डा. जोगेश्वर गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष
उधमपुर शहर के कोर्ट रोड इलाके में अतिक्रमण को बढ़ावा देती दुकानों के बाहर लगाई रेहड़ियां व फड़िय?- फोटो : UDHAMPUR