उधमपुर। जम्मू कश्मीर टीचर्स मास्टर्स एसोसिएशन (जेकेटीएमए) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को ज्वाइंट डायरेक्टर के साथ मुलाकात कर लंबित मांगे और समस्याओं को रखा। शिक्षकों ने बताया कि स्टाफ की कमी के कारण विद्यार्थियों की शिक्षा लगातार प्रभावित हो रही है।
जेकेटीएमए के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और महासचिव विवेक गुप्ता की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने ज्वाइंट डायरेक्टर एचआर पाखरू से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की पदोन्नति के लिए डीपीसी तैयार करने का काम जल्द पूरा किया जाए। कई शिक्षकों को अभी तक प्रमोशन नहीं मिला है। उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विशेष रूप से विज्ञान में बड़ी संख्या में प्रवक्ताओं के पद खाली पड़े हैं। इससे विद्यार्थियों की शिक्षा लगातार प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बताया कि बोर्ड की परीक्षा के लिए पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पाया है और मार्च में बोर्ड परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को इससे बहुत ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों में विज्ञान और गणित के शिक्षकों की कमी है। इससे भी विद्यार्थी बहुत परेशान हैं। ज्वाइंट डायरेक्टर ने शिक्षकों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।