चिनैनी। चिनैनी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत चिनैनी दोमेल इलाके में नाले में वाहन गिरने से चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक उधमुपर से चिनैनी की ओर आ रहा टाटा 207 वाहन चिनैनी दोमेल के निकट नाले में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चला कर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी लाया गया। घायल की पहचान दया राम पुत्र बेली राम निवासी टंडार के रूप में हुई है पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सड़क हादसे के बाद लोगों में रोष है। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोग कई बार तीखे मोड़ पर रेलिंग लगाने की मांग उठा चुके हैं। इसी मोड़ के पास एक बाबली भी है, जहां लोग वाहनों की धुलाई करते हैं। इससे भी हादसों का अंदेशा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मोड़ पर रेलिंग और बाबलियों पर वाहनों के धोने पर अंकुश लगाने की मांग उठाई है।