उधमपुर: खलकी करलाई पुल के नीचे मलबा डालने से क्षतिग्रस्त हुई पानी की पाइप.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर के खलकी करलाई इलाके में पानी का पाइप क्षतिग्रस्त होने से लोगों को कुछ दिनों से पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर जब जल शक्ति विभाग ने पाइप की जांच की तो पता चला कि किसी ने हाईवे किनारे करीब 25 टिप्पर मिट्टी का मलबा गिराया है, जिससे पाइप को नुकसान पहुंचा है।
शहर के खलकी करलाई, ठंडा पद्दर, कल्लर, फंग्याल, दंदयाल व अन्य इलाकों में करीब एक सप्ताह से जलापूर्ति प्रभावित है। जब कुछ दिन जलापूर्ति नहीं हुई तो लोगों ने विभाग से संपर्क किया। लेकिन, विभाग के लिए यह पता लगाना मुश्किल हो गया कि आखिर सब कुछ ठीक होने के बाद भी इन इलाकों में जलापूर्ति क्यों नहीं हो रही है? इसी को लेकर जब विभाग ने निरीक्षण किया तो पता चला कि खलकी करलाई इलाके में सैकड़ों टन मिट्टी का मलबा फेंका गया है। इससे जलापूर्ति करने वाला पाइप क्षतिग्रस्त हो गया है।
फिलहाल, मलबा फेंकने वाले के बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन, पाइप को नुकसान इसी से हुआ है। इससे ही इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित हुई है। विभाग के लिए क्षतिग्रस्त पाइप तक पहुंचना मुश्किल है क्योंकि मलबे में पाइप दबा हुआ है, और मौके पर जेसीबी भी नहीं पहुंच पा रही है। इसी कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि समस्या को जल्द हल करने का प्रयास किया जा रहा है।