उधमपुर में नाले के निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुआ वाल्व
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। मेलडी व फंग्याल में एक सप्ताह से जलापूर्ति नहीं हो रही है। जिससे पानी का संकट है। मजबूर होकर लोग कई किमी दूर बावली से पानी भरकर ला रहे है। बतादें कि नाला निर्माण के दौरान पाइप लाइन व वाल्व क्षतिग्रस्त होने से पानी की समस्या गंभीर हुई है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि जलशक्ति विभाग में शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है।
मेलडी व फंग्याल के स्थानीय लोग बंसी लाल, रमेश कुमार, शिव कुमार, मदन लाल, कांता देवी, संतोष देवी आदि ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले ग्रामीण विकास विभाग की ओर से नाले का निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। जिसके लिए जब खुदाई की जा रही थी तो अचानक पानी की पाइप लाइन, वाल्व क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके बाद से उनके घरों में पानी की आपूर्ति बंद हो गई। दूसरे दिन इस बारे में ग्रामीण विकास विभाग के साथ जलशक्ति विभाग को सूचना दी गई। पानी आपूर्ति न होने का कारण भी बताया। अधिकारियों से मांग की कि पाइप लाइन की मरम्मत करवाकर राहत प्रदान की जाए। लेकिन एक सप्ताह गुजरने के बाद भी कोई मरम्मत करने नहीं आया। यहां तक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी नहीं किया है। पानी न मिलने के कारण रोज परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीने के पानी के लिए कई किलोमीटर दूर बावली पर जाना पड़ता है। हर रोज बावली से पानी लाने में बहुत परेशानी हो रही है। इसलिए सभी ने जिला प्रशासन से अपील है कि जलशक्ति विभाग को निर्देश देकर जल्द पाइप लाइन की मरम्मत कराई जाए।