चिनैनी। पंचायत सराड़ के कई मोहड़ों में कई घर अब भी पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं, बनेक व सेरीधार में बिजली समस्या को लेकर लोग आज भी परेशान हैं। ऐसे में पंचायत प्रतिनिधियों ने सरकार से इन समस्याओं को जल्द दूर करनेे की मांग की है।
सराड़ के सरपंच सुदेश चंद्र, राजेंद्र कुमार, सुभाष चंद, आदि ने कहा है कि पंचायत में अब भी कई घरों में पेयजल सुविधा नहीं पहुंच पाई है। इस कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए गांव से दूर बावलियों या नालों में जाना पड़ता है। इससे लोगों का काफी समय भी बर्बाद होता है, और कई तरह की परेशानियां भी आती हैं।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत घर घर पानी पहुंचाने का कार्य जल्द शुरू होना चाहिए। ताकि, ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानियां न आएं। साथ ही उन्होंने बताया कि पंचायत के बनेक व सेरीधार में बिजली की समस्या के चलते लोगों को भारी परेशानी होती है। इन गांवों में जल्द बिजली पहुंचाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिले।