उधमपुर: बदरवा में पुल का निर्माण कार्य करते हुए.
- फोटो : UDHAMPUR
भद्रवाह। भद्रवाह-बनी-बसोहली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नई बस्ती पुल परियोजना का निर्माण कार्य जोरों पर है। 7.72 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले इस पुल की लंबाई 55 मीटर है। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
पुराने बस्ती पुल ने भद्रवाह, बनी, बसोहली और पठानकोट जैसे स्थलों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लेकिन, अब इस पुराने पुल को नये बस्ती पुल में बदला जा रहा है। माना जा रहा है कि उक्त पुल भद्रवाह के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। इस पुल के तैयार होने से भद्रवाह में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। नई बस्ती पुल परियोजना को जल्द पूरा करने के लिए बीआरओ की 118आरसीसी इकाई युद्धस्तर पर काम कर रही है।
इस पुल का निर्माण कार्य सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की 118आरसीसी (ग्रेफ) इकाई के लेफ्टिनेंट कर्नल वाईके गौतम (ओसी) के नेतृत्व और कैप्टन सचित शर्मा व ओआईसी राजेश पांडे की देखरेख में किया जा रहा है। गौरतलब है कि नालठी और बस्ती के लोगों की पहले से ही मांग रही है कि यहां एक नया पुल बनाया जाए, जिससे छह हजार से अधिक निवासियों को जोड़ने की समस्या का समाधान हो सके।
-----
इस पुल का निर्माण बसोहली-बनी-भद्रवाह रोड के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस नए पुल के बन जाने से पुराने पुल पर निर्भरता कम हो जाएगी और यातायात भी बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चल सकेगा। इस पर दिन रात युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। नवंबर तक इस पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
- वाईके गौतम, लेफ्टिनेंट कर्नल (ओसी)
उधमपुर: बदरवा में पुल का निर्माण कार्य करते हुए.- फोटो : UDHAMPUR