उधमपुर। शहर में देविका परियोजना के तहत बिछाई जा रही सीवरेज पाइप लाइन का कार्य जून तक पूरा नहीं हो सका है। हालांकि, यूईईडी के एक्सईएन ने दो दिन पहले नगर परिषद अध्यक्ष को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि कार्य लगभग पूरा हो गया है। लेकिन, सच्चाई इसके उलट है।
करीब तीन वर्ष से शहर में देविका परियोजना के तहत 123 किमी लंबी सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसके कारण पूरे शहर की सड़कों और गलियों को उखाड़ दिया गया है। काम बहुत लापरवाही से जारी है, जिससे पूरा शहर परेशान है। लापरवाही करने पर सरकार ने कंपनी पर दो बार करोड़ों का जुर्माना भी लगाया, और करीब छह महीने पहले कंपनी को 30 जून 2022 तक काम पूरा करने के आदेश दिए थे। आदेश मिलने पर कुछ दिन काम में तेजी रही, लेकिन फिर धीरे धीरे लापरवाही सामने आने लगी।
30 जून गुजरने के बाद भी न तो सीवरेज पाइप लाइन बिछाई गई और न ही महीनों से उखाड़ी गईं सड़कों की हालत सुधारी गई। बदहाल सड़कों के कारण शहरवासी परेशान हैं। बुधवार को यूईईडी के एक्सईएन ने नप अध्यक्ष डा. जोगेश्वर गुप्ता को पत्र लिखकर बताया था कि शहर में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का कार्य लगभग पूरा हो गया है। जल्द ही शहरवासियों के घरों के कनेक्शन लग जाएंगे।
यूईईडी ने पत्र लिखकर दावा किया है कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम भी लगभग पूरा कर लिया गया है। लेकिन, सच्चाई यह है कि यूईईडी काम पूरा करने के नजदीक भी नहीं है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यूईईडी अब तक लगभग 110 किमी पाइप लाइन बिछाने में कामयाब हुआ है। लगभग 12 से 15 किमी सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का कार्य अब भी बाकी है। आधिकारिक रूप से इसकी जानकारी मुहैया कराने से यूईईडी बच रहा है।
-----
शहरवासी कर रहे जल्द सड़कों की हालत सुधारने की मांग
कृष्ण कुमार, अमन भारद्वाज, साहिल सिंह व अन्य शहरवासियों का कहना है कि सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का कार्य शहरवासियों के लिए सबसे बड़ी परेशानी है। शहर के कई हिस्सों में डेढ़ वर्ष गुजरने के बाद भी सड़कों की हालत नहीं सुधारी गई। जब भी सड़कों की हालत सुधारने की मांग करते हैं तो सिर्फ आश्वासन दिया जाता है। आदर्श कॉलोनी में तो लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
-----
यूईईडी के लिखे पत्र का जवाब दे दिया गया है। यूईईडी को साफ बताया है कि अभी तक सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा नहीं हुआ है। इसको पूरा करने में अभी महीनों लगेंगे। पत्र लिख कर जो दावे किए जा रहे हैं, वह पूरी तरह गलत हैं। इसलिए, काम में तेजी लाई जाए और जल्द सड़कों की हालत सुधारने के साथ सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा किया जाए।
- डॉ. जोगेश्वर गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष, उधमपुर
-----
यूईईडी का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है। अगर यूईईडी दिसंबर 2022 तक भी काम पूरा कर लेगा, यह बड़ी उपलब्धि होगी। इसमें कोई शक नहीं है कि यूईईडी 30 जून तक काम पूरा करने में विफल रहा है। नप की गठित समिति लगातार काम पर नजर बनाए हुए है। जल्द काम पूरा करवाने के लिए प्रयास किया जा रहा है।
- विक्रम सलाथिया, नगर परिषद की निगरानी कमेटी के अध्यक्ष