उधमपुर: आदर्श कॉलोनी में कई जगह पर रोड पर लीकेज होता पानी.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। लोग पानी की एक एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। लेकिन, शहर के आदर्श कॉलोनी मोहल्ले समेत कई स्थानों पर जल शक्ति विभाग पानी की कोई कद्र ही नहीं कर रहा। यहां पाइपों से पानी दिन रात रिस रहा है। इसे रोकने वाला कोई नहीं।
करीब छह महीने पहले यूईईडी ने आदर्श कॉलोनी में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का कार्य करवाया था। इसी दौरान कई पाइपों को नुकसान हुआ था। ठेकेदार ने केवल औपचारिकता के लिए ही पाइपों की मरम्मत करवाई। उसके बाद विभिन्न स्थानों पर लीकेज शुरू हो गई। पानी का वह रिसाव आज तक ठीक नहीं हो पाया है। इसी कारण प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पेयजल सड़कों पर बहता नजर आता है।
जब शहरवासियों को पानी नहीं मिलता है तो सड़कों पर बहते पानी को देखकर शहरवासी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हैं। शनिवार को भी आदर्श कॉलोनी में पीने का पानी सड़कों पर बहता नजर आया तो लोगों ने रोष प्रकट किया। आशीष, अमन, सुशील, आदि ने कहा कि जल शक्ति विभाग ने लीकेज की समस्या को कभी गंभीरता से नहीं लिया है।
उन्होंने कहा कि शहर में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के दौरान कई स्थानों पर पाइपों को नुकसान पहुंचा है। ठेकेदार ने भी औपचारिकता के लिए ही काम किया। और, विभाग और प्रशासन ने भी ठेकेदार पर सख्ती नहीं की। इसलिए, सीवरेज पाइप बिछाने के दौरान बार-बार पाइपों का क्षतिग्रस्त होना जारी है। अगर जल शक्ति विभाग शहर में लीकेज को बंद कर दे तो कई घरों में जलापूर्ति होने लगेगी।
उधमपुर: आदर्श कॉलोनी में कई जगह पर रोड पर लीकेज होता पानी.- फोटो : UDHAMPUR